Patna : सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को बेतिया से अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ की शुरुआत की और बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सरकारी डॉक्टर अब प्राइवेट प्रैक्टिस नहीं कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि सरकार इसके लिए नई नीति बनाएगी, जिससे सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने सभा में पुरानी सरकारों को घेरते हुए कहा कि 2005 से पहले बिहार में कानून-व्यवस्था और विकास के काम बहुत कम थे। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने समाज में सुरक्षा और विकास सुनिश्चित किया है। समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में 182 करोड़ रुपए की 161 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस अवसर पर दोनों डिप्टी सीएम भी मौजूद रहे। वहीं, विरोध के डर से चंपारण में माले के युवा नेता फरहान राजा को गिरफ्तार किया गया।
नीतीश कुमार की स्पीच की 5 बड़ी बातें:
- रोजगार में बड़ा दावा : मुख्यमंत्री ने कहा कि 2020 में 10 लाख नौकरी और रोजगार का वादा पूरा हुआ। अब अगले 5 साल में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा।
- महिला सशक्तिकरण और जीविका समूह : नीतीश ने बताया कि महिलाओं को सरकारी नौकरियों और पुलिस में आरक्षण दिया गया है। बिहार पुलिस में महिलाओं की संख्या देश में सबसे अधिक है। जीविका समूह के तहत 1 करोड़ 40 लाख महिलाओं को लाभ मिला।
- कब्रिस्तानों और मंदिरों की सुरक्षा : उन्होंने बताया कि सरकार ने कब्रिस्तानों और पुराने हिंदू मंदिरों की घेराबंदी करवाई ताकि समुदायों के बीच विवाद न हो।
- बिहार में कानून का राज : मुख्यमंत्री ने कहा कि NDA सरकार के कार्यकाल में राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है, जबकि पहले हत्या, लूट, डकैती और अपहरण आम थे।
- प्रधानमंत्री मोदी की सराहना : नीतीश ने कहा कि बिहार के विकास में प्रधानमंत्री मोदी की मदद लगातार मिल रही है, जिससे सड़क, पुल और अन्य विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।
डिप्टी सीएम का दौड़कर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना:
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी CM विजय सिन्हा कुमारबाग पहुंचे, जहां उन्होंने स्पेशल इकोनॉमिक जोन (SEZ) का निरीक्षण किया। गेट पर गाड़ी से प्रवेश न मिलने के बावजूद वे दौड़कर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। कुमारबाग में उद्योग विभाग ने जिले की औद्योगिक संभावनाओं और निवेश के अवसरों को दिखाने के लिए स्टार्टअप और इंडस्ट्रियल स्टॉलों की प्रदर्शनी लगाई।
Also Read : लापता कैरव गांधी के परिजनों से मिले रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, बोले- झारखंड में कानून-व्यवस्था फेल

