Johar Live Desk : एयर इंडिया ने घने कोहरे को देखते हुए यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने चेतावनी दी है कि आने वाले कुछ दिनों में दिल्ली समेत उत्तरी और पूर्वी भारत के कई एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन प्रभावित हो सकता है। कम विजिबिलिटी के कारण उड़ानों में देरी या रद्द होने की संभावना है, जिसका असर पूरे नेटवर्क पर पड़ सकता है।
एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए यात्रियों से अपील की कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें, खासकर छुट्टियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें।
एयरलाइन ने बताया कि कोहरे से होने वाली परेशानियों को कम करने के लिए ऑपरेशनल प्लानिंग और ग्राउंड कोऑर्डिनेशन को मजबूत किया गया है। हालांकि, एयर इंडिया ने यह भी स्वीकार किया कि अगर कोहरा ज्यादा बढ़ता है तो अचानक फ्लाइट रद्द होने या लंबी देरी की स्थिति बन सकती है। यात्रियों की मदद के लिए एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ 24 घंटे मौजूद रहेगा और जहां संभव होगा, वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था की जाएगी।
एयर इंडिया ने अपनी ‘फॉगकेयर’ पहल के बारे में भी जानकारी दी। इसके तहत कोहरे से प्रभावित फ्लाइट में बुक यात्रियों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर पहले से अलर्ट भेजा जाएगा। इस सुविधा के अंतर्गत योग्य यात्री बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी फ्लाइट रीशेड्यूल कर सकते हैं या बिना किसी पेनाल्टी के पूरा रिफंड भी ले सकते हैं।
Also read : झारखंड में सर्दी का सितम जारी, तापमान 4 डिग्री तक गिरा


