Gayaji : गयाजी स्थित बिपार्ड में चल रहे दो दिवसीय उच्च स्तरीय प्रशासनिक मंथन कार्यक्रम ‘मंथन-2025’ का गुरुवार को समापन होगा। इस अवसर पर बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी कार्यक्रम में शामिल होंगे और समापन सत्र को संबोधित करेंगे। डिप्टी सीएम करीब दो घंटे तक बिपार्ड परिसर में रहेंगे और आईएएस अधिकारियों द्वारा दी जा रही प्रस्तुतियों को सुनेंगे। वे कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह करीब साढ़े दस बजे पटना से गया एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से सड़क मार्ग से बिपार्ड जाएंगे।
इस कार्यशाला में प्रदेश के मुख्य सचिव, सभी विभागों के सचिव, मंडलायुक्त और सभी जिलों के जिलाधिकारी शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अपने अनुभव साझा कर रहे हैं और जनहित से जुड़े विकास कार्यों को तेजी से लागू करने की रणनीति पर चर्चा की जा रही है। यहां सीखी गई बातों के आधार पर जिलाधिकारी अपने-अपने जिलों में सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करेंगे।
सम्मेलन के दूसरे दिन PPP और इंफ्रास्ट्रक्चर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के सीनियर एडवाइजर शैलेश पाठक ने पीपीपी मॉडल और बुनियादी ढांचे के विकास पर मार्गदर्शन दिया। इस सत्र में पूर्णिया के जिलाधिकारी ने प्रस्तुति दी, जबकि ओपन सेशन में अन्य डीएम ने अपने अनुभव साझा किए। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने क्लोजिंग एड्रेस दिया, जबकि सम्मेलन का वैलेडिक्शन डिप्टी सीएम द्वारा किया जाएगा।
गौरतलब है कि 17 दिसंबर को इस दो दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत Responsive Governance सत्र के साथ हुई थी, जिसका उद्घाटन सीएम नीतीश कुमार ने किया था। पहले दिन Ease of Doing Business, शहरी विकास और कानून-व्यवस्था जैसे अहम विषयों पर भी चर्चा हुई, जिसमें अधिकारियों और विशेषज्ञों ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की थी।
Also Read : घने कोहरे से फ्लाइट संचालन प्रभावित होने की आशंका, एयर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी


