Johar Live Desk : देश के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने RBI की मौद्रिक नीति में हाल ही में की गई दर कटौती के बाद अपने लोन और डिपॉजिट रेट्स में संशोधन किया है। बैंक ने EBLR और MCLR में कटौती की है, जिससे होम लोन, पर्सनल लोन और MSME लोन अब सस्ते हो जाएंगे।
लोन दरों में कटौती
SBI ने अपने एक्सटर्नल बेंचमार्क लिंक्ड रेट (EBLR) में 25 बेसिस पॉइंट्स की कमी की है। अब EBLR 7.90% होगी, जो पहले 8.15% थी। इसके अलावा MCLR में भी सभी कैटेगरी में 5 बेसिस पॉइंट्स की कटौती की गई है। अब एक साल का MCLR 8.70% होगा, जो पहले 8.75% था। बैंक ने बताया कि यह बदलाव होम लोन, पर्सनल लोन, MSME लोन और अन्य रिटेल क्रेडिट लेने वाले ग्राहकों को फायदा पहुंचाएगा। EBLR के आधार पर सभी रिटेल और MSME लोन की कीमत तय होती है, इसलिए इस कटौती से EMI कम होगी।
FD पर ब्याज दरों में कमी
लोन दर घटाने के साथ SBI ने फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर ब्याज दरों में भी बदलाव किया है। दो से तीन साल की मैच्योरिटी वाली FD दरें 6.45% से घटकर 6.40% हो गई हैं। अन्य मैच्योरिटी बकेट की दरें वैसे ही बनी रहेंगी। बैंक की खास “444 दिन” की स्कीम अमृत वृष्टि की ब्याज दर भी 15 बेसिस पॉइंट्स घटकर 6.45% हो गई है। एक साल की मैच्योरिटी पर ब्याज दर 8.75% से घटकर 8.70% हो गई है।
नई दरें कब से लागू होंगी
SBI ने कहा कि ये नई दरें 15 दिसंबर 2025 से लागू होंगी। विशेषज्ञों के अनुसार, SBI जैसी बड़ी बैंक की यह दरों में कटौती बाजार में क्रेडिट की कीमतों को नियंत्रित करने और कर्जदाताओं के ब्याज बोझ को कम करने में मदद करेगी। इसके साथ ही निवेशकों की FD आय में मामूली बदलाव आएगा।
Also Read : कोलकाता में मेसी का खास पल, 70 फुट ऊंचे स्टैच्यू का वर्चुअल उद्घाटन


