Johar Live Desk : फुटबॉल के दिग्गज लियोनल मेसी और बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान एक साथ कोलकाता के सॉल्ट लेक (युवा भारती) स्टेडियम में नजर आए। दोनों की मौजूदगी ने स्टेडियम का माहौल उत्साह से भर दिया। मेसी और शाहरुख ने गर्मजोशी से मुलाकात की, जिसे देखकर प्रशंसक बेहद खुश नजर आए। इस मौके पर मेसी ने वर्चुअली अपने 70 फीट ऊंचे स्टैच्यू का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री सुजीत बोस और अभिनेता शाहरुख खान भी मौजूद रहे।
#WATCH | कोलकाता: अर्जेंटीना के सुपरस्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने अपने G.O.A.T. टूर इंडिया 2025 के पहले लेग के दौरान लेक टाउन के श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब में लगी अपनी 70 फुट की मूर्ति का वर्चुअली अनावरण किया। pic.twitter.com/Spm4Y63qre
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 13, 2025
फैंस में जबरदस्त उत्साह
फुटबॉल के महान खिलाड़ी लियोनल मेसी 14 साल बाद भारत दौरे पर आए हैं। वह तीन दिन के दौरे पर हैं। मेसी शनिवार तड़के करीब 2:26 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट और रास्ते में बड़ी संख्या में प्रशंसक मौजूद थे, जो “मेसी-मेसी” के नारे लगाते नजर आए।
फ्रेंडली मैच में लेंगे हिस्सा
फीफा वर्ल्ड कप 2022 जीतने वाली अर्जेंटीना टीम के कप्तान लियोनल मेसी शनिवार को कोलकाता में युवा भारती स्टेडियम में एक फ्रेंडली मैच में हिस्सा लेंगे। इस मैच को देखने के लिए हजारों दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद मेसी बंगाल की संतोष ट्रॉफी टीम को सम्मानित भी करेंगे। इस दौरान उनकी मुलाकात सीएम ममता बनर्जी, पूर्व क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली और दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस से भी होने की संभावना है।
हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली का भी दौरा
कोलकाता कार्यक्रम के बाद दोपहर करीब 2 बजे मेसी हैदराबाद के लिए रवाना होंगे। वहां राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में एक प्रदर्शनी मैच खेला जाएगा, जिसमें तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी भी शामिल होंगे। मेसी की राहुल गांधी से मुलाकात का भी कार्यक्रम है। शाम को उनके सम्मान में एक संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। हैदराबाद के बाद मेसी मुंबई और फिर दिल्ली जाएंगे। गौरतलब है कि इससे पहले मेसी साल 2011 में भारत आए थे, जब उन्होंने कोलकाता में वेनेजुएला के खिलाफ फ्रेंडली मैच में अर्जेंटीना की कप्तानी की थी।
Also Read : मुजफ्फरपुर में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 17 लाख की लूट


