Patna : सीतामढ़ी जिले में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिहार विशेष कार्य बल (STF) और जिला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 12 और 13 दिसंबर 2025की मध्यरात्रि गुप्त सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संयुक्त टीम ने बेलसंड थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए जिले के कुख्यात और वांछित अपराधी शांतनु कुमार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सूचना मिली थी कि शांतनु कुमार बेलसंड थाना क्षेत्र के चंदौली बस स्टैंड के आसपास छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि होने के बाद STF और सीतामढ़ी पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया और देर रात इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की गई। पुलिस को देखते ही अपराधी ने खुद को बचाने के लिए फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान अपराधी गोली लगने से घायल हो गया।
घायल अवस्था में शांतनु कुमार को पहले नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH), मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है। फिलहाल वह पुलिस अभिरक्षा में इलाजरत है।
घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल और तीन खाली कारतूस बरामद किए हैं। हथियार को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।बताया जा रहा है कि शांतनु कुमार, पिता चितरंजन सिंह, निवासी भोरहा, थाना बेलसंड, जिला सीतामढ़ी का रहने वाला है और जिले का कुख्यात अपराधी रहा है। उसके खिलाफ बेलसंड थाना में पुजारी की हत्या और मूर्ति चोरी सहित रवि सिंह हत्याकांड समेत हत्या, डकैती और आर्म्स एक्ट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। लंबे समय से वह पुलिस की पकड़ से बाहर था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से जिले में आपराधिक गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ेगा। STF और जिला पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को कानून-व्यवस्था के लिहाज से बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


