Patna : पटना में ठंड बढ़ने के साथ ही असहाय और बेघर लोगों के लिए पटना नगर निगम ने 953 बेड वाला रैन बसेरा तैयार किया है। इसमें स्थायी, अस्थायी और जर्मन हैंगर प्रकार के आश्रय स्थल शामिल हैं। सभी रैन बसेरों में 3 शिफ्ट में केयरटेकर तैनात किए गए हैं। सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे और फायर सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं। हर केंद्र पर एक प्रबंधक भी नियुक्त किया गया है, जो सभी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। संबंधित थानों को भी रात में गश्ती बढ़ाने के लिए पत्र भेजा गया है।
निःशुल्क रहने और भोजन की व्यवस्था
रैन बसेरों में रहने और रात के भोजन की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध है। यहां स्वच्छ पेयजल, टॉयलेट, मच्छरदानी और पर्याप्त कंबलों की व्यवस्था की गई है। ठंड बढ़ने पर प्रत्येक व्यक्ति को दो कंबल दिए जाएंगे। रैन बसेरा में ठहरने के लिए आधार कार्ड और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा।
महिलाओं के लिए विशेष रैन बसेरा
महिलाओं के लिए अलग से विशेष रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है, जहां केवल महिलाएं ही ठहर सकती हैं। इन केंद्रों में महिला केयरटेकर की तैनाती की गई है। मौर्या होटल के सामने, पटना सिटी नाला पर और बुद्धा स्मृति पार्क के पास महिलाओं के लिए विशेष रैन बसेरा बनाया गया है।
अंचलवार रैन बसेरों की संख्या
- नूतन राजधानी अंचल : 5 जर्मन हैंगर, 2 स्थायी, 5 अस्थायी
- कंकड़बाग अंचल : 5 जर्मन हैंगर, 2 स्थायी
- पाटलिपुत्र अंचल : 1 अस्थायी
- पटना सिटी अंचल : 2 अस्थायी
- अजीमाबाद अंचल : 2 जर्मन हैंगर, 2 स्थायी
नगर निगम का कहना है कि ठंड के दौरान कोई भी व्यक्ति खुले में न रहे, इसके लिए सभी इंतज़ाम पूरी तरह किए गए हैं।
Also Read : झारखंड में बढ़ा ठंड का प्रकोप, कई जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी


