Ranchi : झारखंड में शुक्रवार से ठंड और बढ़ने वाली है। बर्फीली हवा चलने से लोगों को ज्यादा ठिठुरन महसूस होगी। मौसम केंद्र रांची ने आसमान साफ रहने और न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना जताई है। कई जिलों में आज शीतलहर चल सकती है।
5 और 6 दिसंबर को शीतलहर का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 5 और 6 दिसंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, सिमडेगा, खूंटी, रांची, बोकारो और रामगढ़ में कहीं-कहीं शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। रांची का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के नीचे जा सकता है।
तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट संभव
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में राज्य का न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके बाद अगले दो दिनों में उतनी ही बढ़ोतरी हो सकती है।
गुमला सबसे ठंडा जिला
पिछले 24 घंटे में राज्य का मौसम शुष्क रहा। चाईबासा में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री जबकि गुमला सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रांची, खूंटी, डाल्टेनगंज, बोकारो-थर्मल और गुमला में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
NHM की सलाह – गर्म कपड़े पहनकर ही बाहर निकलें
ठंड बढ़ने को देखते हुए नेशनल हेल्थ मिशन ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है :
- गर्म कपड़े पहनकर ही घर से बाहर निकलें
- पर्याप्त भोजन कर बाहर जाएं
- फ्लू, खांसी-जुकाम होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें
- नियमित रूप से गर्म पानी पीएं
- ठंड की वजह से बेहोशी या बोलने में दिक्कत होने पर तुरंत चिकित्सा लें
खंडोली डैम में पहुंचे साइबेरियन पक्षी
सर्दी की शुरुआत के साथ ही गिरिडीह का खंडोली डैम विदेशी पक्षियों से गुलजार हो गया है। साइबेरियन डक यहां पहुंचने लगी हैं। हर साल ये पक्षी साइबेरिया की अत्यधिक ठंड से बचकर लगभग 4 हजार किलोमीटर की यात्रा कर दिसंबर से फरवरी तक यहां ठहरते हैं। जैसे ही वहां मौसम गर्म होने लगता है, ये फिर अपने वतन लौट जाते हैं।
Also Read : झारखंड में नकली दवाओं पर शिकंजा, CID आईजी के आदेश पर खंगाले जा रहे दावा दुकान


