Sasaram : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की मुहिम जारी है। ताजा मामला सासाराम जिले के बिक्रमगंज प्रखंड से सामने आया है, जहां प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुधीर कांत शर्मा और लेखा सहायक सुभाष कुमार को आज यानी बुधवार को निगरानी विभाग की टीम ने घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
जाल बिछाकर दोनों अधिकारियों को दबोचा
मिली जानकारी के अनुसार दोनों अधिकारी आदर्श मध्य विद्यालय, गोटपा में पदस्थापित शिक्षक विद्या भूषण से ट्रेनिंग के दौरान मिले एरियर के भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिक्षक ने इस बाबत निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद विभाग ने जाल बिछाकर दोनों अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए धर दबोचा।
रिश्वत की रकम : एक को 7600 और दूसरे को 7000 रुपए
निगरानी टीम के अनुसार प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुधीर कांत शर्मा को 7600 रुपए और लेखा सहायक सुभाष कुमार को 7000 रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। शिक्षक विद्या भूषण ने बताया कि उनसे पहले 20 हजार रुपए की मांग की गई थी, लेकिन अंततः उक्त राशि तय की गई। इसी बीच निगरानी विभाग की टीम ने कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पटना ले जाया गया
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के DSP श्याम बाबू प्रसाद ने मीडिया को बताया कि शिकायत की पुष्टि के बाद कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को पटना ले जाकर निगरानी विभाग की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई से बिक्रमगंज प्रखंड मुख्यालय में हड़कंप मच गया है और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
Also Read : मनीष कश्यप 23 जून को जन सुराज में शामिल होंगे, यहां से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव