Patna : बिहार में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत पात्र महिलाओं को शुरुआती सहायता के रूप में 10,000 रुपये दिए जा रहे हैं। योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। इसके बाद आने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
2 लाख रुपये तक अतिरिक्त सहायता
योजना की खासियत यह है कि शुरुआती 10,000 रुपये मिलने के बाद, सफलतापूर्वक व्यवसाय शुरू करने वाली महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह राशि एकमुश्त नहीं बल्कि किस्तों में मिलेगी। रोजगार की शुरुआत और उसकी प्रगति की जांच के बाद ही आगे की किस्त जारी की जाएगी।
प्रशिक्षण प्रोग्राम जारी
महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षित करने हेतु विशेष ट्रेनिंग मॉडल तैयार किया जा रहा है। इससे लाभार्थियों को व्यवसाय चलाने की बेहतर जानकारी और कौशल मिलेगा। अब तक लगभग 1.56 करोड़ महिलाओं को शुरुआती 10,000 रुपये की राशि मिल चुकी है।
आवेदन की प्रक्रिया
शहरी क्षेत्र की महिलाएं जो स्वयं सहायता समूह से नहीं जुड़ी हैं, वे www.brlps.in या mmry.brlps.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
जिलेवार लाभार्थी संख्या
- पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, मधुबनी : 7 लाख से अधिक
- पश्चिम चंपारण, समस्तीपुर, पटना : 6 लाख से अधिक
- गया, कटिहार, सारण, अररिया : 5 लाख प्रत्येक
- बांका, बेगूसराय, भागलपुर, नालंदा, पूर्णिया, रोहतास, सीतामढ़ी, सीवान, सुपौल, वैशाली : 4 लाख प्रत्येक
- भोजपुर, गोपालगंज, किशनगंज, मधेपुरा, नवादा, सहरसा : 3 लाख से अधिक
कुछ महिलाओं को राशि नहीं मिली
लगभग 10 लाख महिलाओं के आवेदनों में आधार कार्ड, बैंक खाता या अन्य दस्तावेजों में त्रुटि के कारण राशि ट्रांसफर नहीं हो पाई है। जीविका विभाग इन आवेदनों की पुन: जांच कर रहा है और सुधार के बाद जल्द ही राशि भेजी जाएगी।
Also Read : सर्दियों में ज्यादा क्यों झड़ने लगते हैं बाल? कैसे करें बचाव… जानें


