जोहार लाइव ब्यूरो
डायन बिसाही के शक में एक महिला की हत्या हो गई. कुल 45 लोगों को आरोपी बनाया गया. लेकिन चार साल सुनवाई होने के बाद सब के सब बरी कर दिए गए हैं. मामला ओडिशा के गंजाम जिले के कबिसूर्यनगर इलाके का है.
जिले के मधुराजहोली गांव में एक महिला की बेरहमी से हत्या के करीब चार साल बाद मंगलवार 1 सितंबर को कोडाला सेशन कोर्ट ने मामले में आरोपी 45 लोगों को बरी कर दिया. अदालत ने यह फैसला अभियोजन पक्ष की ओर से पर्याप्त सबूत और गवाह पेश नहीं किए जाने के बाद सुनाया. अभियोजन पक्ष 26 अक्टूबर 2022 को हुई हत्या में आरोपियों की संलिप्तता साबित नहीं कर सका.
महिला की कथित तौर पर जादू-टोना करने के शक में उसके घर के अंदर हत्या कर दी गई थी. उसके पति ने कबिसूर्यनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद मामले में 49 लोगों को आरोपी बनाया गया था. आरोपियों में कई महिलाएं भी शामिल थीं. गिरफ्तार किए गए लोगों ने जमानत मिलने से पहले करीब डेढ़ साल जेल में बिताए.
दो साल तक चली सुनवाई
इस मामले की सुनवाई कोडाला सेशन कोर्ट में करीब दो साल तक चली. इसके बाद मंगलवार को अदालत ने अपना फैसला सुनाया. बचाव पक्ष ने दलील दी कि सुनवाई के दौरान पेश किए गए सबूत आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं थे.
अधिवक्ता अशोक महाराणा ने कहा, “यह घटना 26 अक्टूबर 2022 की है. कबिसूर्यनगर थाना क्षेत्र के मधुराजहोली गांव में महिला की हत्या हुई थी. उसके पति ने हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी. मामले में 45 लोगों को गिरफ्तार किया गया था और उन्होंने करीब डेढ़ साल जेल में बिताया. यह मामला दो साल तक कोडाला सेशन कोर्ट में चला. अब पर्याप्त सबूत और गवाह नहीं मिलने के कारण उन्हें बरी कर दिया गया है.”
तीन आरोपी अब भी जेल में
मामले में 45 आरोपियों को बरी कर दिया गया है, जबकि बाद में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपी अब भी जेल में हैं. वहीं, एक अन्य आरोपी फरार है.
अधिवक्ता आलोक निरंजन होता ने कहा, “पुलिस ने मामले से जुड़े 45 लोगों को गिरफ्तार किया था. वे जेल में थे, लेकिन बाद में उन्हें हाई कोर्ट से जमानत मिल गई. माननीय न्यायाधीश बिस्व रंजन बेहरा ने उन्हें न्याय दिया है. मामले में बाद में गिरफ्तार किए गए तीन लोग अभी भी जेल में हैं.”
अदालत के इस फैसले के साथ 45 आरोपियों के खिलाफ करीब दो साल से चल रही सुनवाई खत्म हो गई. ये सभी 2022 में हुई महिला की हत्या के मामले में मुकदमे का सामना कर रहे थे.
लेकिन घटना, जांच, कोर्ट कार्यवाही …सब होने के बाद भी सवाल का जवाब नहीं मिल पाया कि आखिर महिला की हत्या किसने की.

