Chaibasa : चाईबासा में रविवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चाईबासा-रांची मुख्य मार्ग स्थित एनएच-75 को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। मिली जानकारी के अनुसार लोहरदा गांव की रहने वाली सुमित्रा जामुदा रविवार सुबह करीब सात बजे सड़क पार कर रही थीं। उसी समय तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके पैर में गंभीर चोट लगी और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में भी गहरी चोटें आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया।
गुस्साए लोगों ने जाम किया सड़क
घटना से नाराज ग्रामीणों ने चाईबासा-रांची मुख्य मार्ग पर एनएच-75 को जाम कर दिया। ग्रामीण सड़क पर बैठकर मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने और दोषी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। करीब दो घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम रहने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे यात्रियों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलने के बाद मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और जाम हटाने के लिए बातचीत शुरू की। पुलिस के अनुसार, हादसा करने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। समाचार लिखे जाने तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई थी और प्रशासन ग्रामीणों को समझाकर स्थिति सामान्य करने में जुटा हुआ था।


