Godda : गोड्डा जिले के बोआरीजोर प्रखंड के छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने यहां के युवाओं को उच्च शिक्षा की सुविधा देने के लिए डिग्री कॉलेज बनाने का फैसला लिया है। हाल ही में कैबिनेट की मंजूरी के बाद सरकार ने कॉलेज निर्माण के लिए 40 करोड़ 19 लाख 1800 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति भी दे दी है। कॉलेज बनने के बाद अब इलाके के छात्रों को डिग्री की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। लंबे समय से यहां कॉलेज की मांग की जा रही थी। बोरियो विधायक धनंजय सोरेन के प्रयास के बाद यह काम आगे बढ़ पाया है।
आदिवासी बहुल क्षेत्र के छात्रों को मिलेगा फायदा
बोआरीजोर प्रखंड अनुसूचित जनजाति बहुल और ज्यादातर ग्रामीण इलाका है। यहां के कई बच्चे इंटरमीडिएट तक पढ़ाई तो कर लेते हैं, लेकिन आगे की पढ़ाई के लिए उन्हें गांव छोड़कर बाहर जाना पड़ता था। आर्थिक परेशानी और दूरी की वजह से कई छात्र-छात्राएं आगे पढ़ाई नहीं कर पाते थे। अब डिग्री कॉलेज बनने के बाद गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चों को अपने ही इलाके में उच्च शिक्षा का मौका मिलेगा।
कॉलेज खुलने से इलाके में खुशी
कॉलेज की स्वीकृति मिलने की खबर से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि इससे न सिर्फ बच्चों को पढ़ाई का बेहतर मौका मिलेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का माहौल भी मजबूत होगा। स्थानीय लोगों ने राज्य सरकार और क्षेत्र के विधायक का आभार जताया है। उनका मानना है कि यह कदम आने वाले समय में इलाके के विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा।
करीब 2 लाख आबादी वाला है प्रखंड
जिला समिति सदस्य दिलीप ठाकुर, अनुसील हेमब्रम, दिनेश, चांद नारायण मुर्मू और दीनबंधु मंडल समेत कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बताया कि बोआरीजोर एक कृषि प्रधान क्षेत्र है और यहां करीब दो लाख से ज्यादा आबादी रहती है। अब तक प्रखंड में कॉलेज नहीं होने की वजह से छात्रों को पढ़ाई के लिए गोड्डा जिला मुख्यालय जाना पड़ता था, जो यहां से लगभग 55 किलोमीटर दूर है। दूरी और खर्च की वजह से कई छात्र बीच में ही पढ़ाई छोड़ देते थे।
ग्रामीणों ने कॉलेज की जगह तय करने की उठाई मांग
ग्रामीणों का कहना है कि कॉलेज का निर्माण प्रखंड मुख्यालय या उसके आसपास किया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा छात्रों को इसका फायदा मिल सके। लोगों को उम्मीद है कि कॉलेज बनने से पूरे इलाके में शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा।
Also Read : सड़क हादसा में महिला की दर्दनाक मौ’त, मुआवजे की मांग को लेकर गुस्साए लोगों ने एनएच-75 किया जाम


