Gumla : गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के बुरहु पतरा में शुक्रवार को दर्दनाक घटना सामने आई। एक जंगली हाथी ने 28 वर्षीय युवक अनूप कुमार पांडे को कुचलकर मार डाला। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवक की मौके पर मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
भीड़ देखकर रुका, तभी झाड़ी से निकला हाथी
मृतक के परिजनों के मुताबिक अनूप कुमार पांडे बुरहु का रहने वाला था और बुरहु पावर ग्रिड में टेक्नीशियन के तौर पर काम करता था। वह बाइक से सांवरिया बिजली का काम करने जा रहा था। रास्ते में पतरा के पास कुछ लोगों की भीड़ देखकर वह रुक गया। तभी अचानक झाड़ी से एक जंगली हाथी निकलकर उस पर टूट पड़ा। हाथी को देख वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे, लेकिन अनूप उसकी चपेट में आ गया।
मौके पर ही मौत, गांव में मातम
हाथी के हमले में अनूप की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फॉरेस्टर बिरसा लोहरा, शमी आफताब और सुनील राम पीटर ने परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी और बाकी मुआवजा प्रक्रिया पूरी होने के बाद देने का भरोसा दिलाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है।
इलाके में डर का माहौल, लोग सहमे
घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और लोग डरे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में जंगली हाथियों का आना-जाना आम बात हो गई है। इससे फसल और घरों को भी नुकसान होता है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
वन विभाग कर रहा निगरानी
वन विभाग की टीम हाथी की लगातार रेकी कर रही है ताकि दोबारा कोई हादसा न हो। गुमला वन प्रमंडल पदाधिकारी बेलाल अहमद ने लोगों से अपील की है कि जंगली हाथी से दूरी बनाए रखें और उसे उकसाने की कोशिश न करें। उन्होंने कहा कि सतर्क रहना ही इस तरह के हादसों से बचने का सबसे बेहतर तरीका है।
Also Read : सदर अस्पताल में नवजातों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर, 11 अप्रैल तक मौका


