Ranchi : राज्य में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ सकता है। मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 7 से 9 मार्च के बीच झारखंड के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाने के साथ मेघ गर्जन और हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि फिलहाल तेज गर्मी के आसार नहीं हैं, लेकिन दिन में हल्की उमस जरूर महसूस हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
5 मार्च को मौसम रहेगा सामान्य
मौसम विभाग का कहना है कि 5 मार्च को राज्य में मौसम सामान्य बना रहेगा। आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन रात का तापमान सामान्य ही रहेगा।

6 मार्च की शाम से बदलने लगेंगे हालात
पूर्वानुमान के अनुसार 6 मार्च की दोपहर के बाद से मौसम में हल्का बदलाव दिखने लगेगा। शाम के समय कई इलाकों में आंशिक बादल छाने की संभावना है। इसके बाद 7 और 8 मार्च को राज्य के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं गरजने वाले बादलों के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
9 मार्च को भी बन सकती है गर्जन की स्थिति
मौसम विभाग के मुताबिक 9 मार्च को भी राज्य के कुछ इलाकों में हल्के बादल और गर्जन की स्थिति बन सकती है। हालांकि 10 मार्च से फिर से मौसम शुष्क होने की संभावना जताई गई है। आसमान साफ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। फिलहाल मौसम केंद्र की ओर से किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव सामान्य मौसमी गतिविधियों का हिस्सा है।
कई जिलों में 37–38 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
मौसम विभाग के पांच दिनों के तापमान पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। 8 मार्च तक कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। देवघर, धनबाद, दुमका और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 33 डिग्री से बढ़कर 35 से 36 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री से बढ़कर 18 से 20 डिग्री तक जा सकता है।
गढ़वा, पलामू और चतरा में भी गर्मी का असर थोड़ा ज्यादा देखने को मिल सकता है। खासकर पलामू में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है।
राजधानी रांची, बोकारो और हजारीबाग में तापमान 31 से 34 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में गर्मी का असर सबसे ज्यादा रहने की संभावना है। पश्चिमी सिंहभूम में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
Also Read : Aaj Ka Rashifal, 05 MARCH 2026 : जानें किस राशि का क्या है आज का राशिफल

