Giridih : गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया पार्क के पास दो पक्षों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई, जिसमें पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में एक युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे धनबाद रेफर कर दिया गया।
झड़प की वजह और घटनाक्रम
मिली जानकारी के अनुसार, बरमसिया इलाके में एक ऑटो और बाइक के बीच टक्कर हुई थी। इसके बाद मौके पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया। इसी बीच कुछ युवकों और बाइक सवारों के बीच कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। बाइक सवार युवक वहां से चले गए, लेकिन उनकी तीन मोटरसाइकिलें घटनास्थल पर छूट गईं। कुछ देर बाद जब वे अपनी मोटरसाइकिलें लेने वापस आए, तो पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
घायलों की पहचान
झड़प में घायल युवकों की पहचान पचंबा थाना क्षेत्र के विशनपुर के रहने वाले आदिल मलिक, महताब शेख, एमडी जावेद, मोहम्मद फिरोज और एमडी चांद के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी युवक एक ही इलाके के रहने वाले हैं। स्थानीय लोगों ने समय रहते उन्हें अस्पताल पहुंचाया और उनका इलाज शुरू कराया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों पक्ष के लोग वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई। नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन मिलने पर पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : कांके में अपराध बेलगाम : सुकुरहुट्टू में घर में घुसकर फा’यरिंग, दो खोखा और एक जिंदा गोली बरामद


