New Delhi : क्रिकेट जगत में कम उम्र में बड़ी पहचान बनाने वाले बिहार के 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सम्मानित करेंगी। वैभव का चयन प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए किया गया है। यह सम्मान राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में दिया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वैभव पहले ही दिल्ली रवाना हो चुके हैं। इस कारण वैभव आज विजय हजारे ट्रॉफी में मणिपुर के खिलाफ होने वाला मुकाबला नहीं खेल पाएंगे। इससे पहले उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरी थीं।
39 साल पुराना रिकॉर्ड किया ध्वस्त
विजय हजारे ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप मैच में वैभव सूर्यवंशी ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 36 गेंदों में शतक लगाया था। इसके साथ ही वे लिस्ट-ए क्रिकेट में शतक लगाने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उन्होंने पाकिस्तान के जहूर इलाही का 39 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। इस मैच में वैभव ने 84 गेंदों पर 190 रन बनाए। बिहार टीम के उपकप्तान वैभव ने अपनी इस पारी में 16 चौके और 15 छक्के लगाए। उन्होंने सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया, जिसमें उन्होंने एबी डिविलियर्स और जोस बटलर जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया।
20 बच्चों को मिलेगा सम्मान
आज प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से देशभर के 20 बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। इस पुरस्कार की शुरुआत केंद्र सरकार ने वर्ष 1996 में की थी। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय इसके लिए बच्चों का चयन करता है। 5 से 18 वर्ष की उम्र के भारतीय नागरिक बच्चों को यह पुरस्कार दिया जाता है। पुरस्कार में एक मेडल, प्रमाण पत्र और 1 लाख रुपये की नकद राशि शामिल होती है।
Also Read : मनरेगा कानून पर कांग्रेस का विरोध, 27 दिसंबर को वर्किंग कमेटी की बैठक


