Patna : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित पंडारक पीएचसी में नवजात शिशु बदलने का आरोप लगाकर परिजनों ने हंगामा किया। एक प्रसूता के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर बच्चे के फेरबदल का आरोप लगाया, जिससे कुछ देर के लिए अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मिली जानकारी के अनुसार प्रियंका नाम की प्रसूता ने लड़के को जन्म दिया था, जबकि संजना नाम की महिला को लड़की हुई थी। संजना के परिजनों ने लड़के को अपना बच्चा बताने का दावा किया, जिससे विवाद बढ़ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीएचसी प्रभारी डॉ. इकबाल खान ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पीएचसी प्रभारी डॉ. इकबाल खान ने बताया कि यह पूरा मामला परिजनों के भ्रम के कारण हुआ। अस्पताल रिकॉर्ड के अनुसार प्रियंका कुमारी को बेटा और संजना कुमारी को बेटी का जन्म हुआ है। दोनों नवजात के जन्म का समय और वजन रजिस्टर में दर्ज है। परिजनों को पूरी जानकारी देकर उनका भ्रम दूर कर दिया गया है।
पंडारक थानेदार नवनीत राय ने मीडिया को बताया कि दोनों बच्चों का जन्म अलग-अलग समय पर हुआ था। एक बच्चे का जन्म सुबह 5:40 बजे और दूसरे का 6:30 बजे हुआ। दोनों का वजन भी अलग था, एक का 2500 ग्राम और दूसरे का 3100 ग्राम। दोबारा वजन कराकर सभी संदेह खत्म कर दिए गए। उन्होंने बताया कि संजना कुमारी को पहले से एक बेटी है, इसी वजह से गलतफहमी हुई थी। फिलहाल दोनों परिवार संतुष्ट हैं और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपने-अपने नवजात बच्चों को लेकर घर जा रहे हैं।
Also Read : हाथियों की आवाजाही से रेल परिचालन प्रभावित, 18 लोकल ट्रेनें रद्द


