Dhanbad : धनबाद में मधुबन कोल प्रोजेक्ट को लेकर आयोजित जनसुनवाई में सोमवार को जमकर हंगामा देखने को मिला। यह जनसुनवाई पर्यावरण स्वीकृति के लिए रखी गई थी, लेकिन कार्यक्रम शुरू होते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सात गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने कार्यक्रम स्थल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और BCCL के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
“सिर्फ खानापूर्ति है”, ग्रामीणों का आरोप
विरोध कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि यह जनसुनवाई सिर्फ औपचारिकता निभाने के लिए की जा रही है। उनका आरोप है कि BCCL की कथनी और करनी में फर्क है और पहले भी वादे पूरे नहीं किए गए। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि जनसुनवाई उनके गांव में होनी चाहिए थी, ताकि सभी प्रभावित लोग खुलकर अपनी बात रख पाते।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई अधिकारी
सामुदायिक भवन में आयोजित इस जनसुनवाई में जिला प्रशासन और BCCL के कई अधिकारी मौजूद रहे। धनबाद एसी विनोद कुमार, बाघमारा अंचल पदाधिकारी किरजा नन्द किस्कू, बरोरा एरिया-1 के महाप्रबंधक के. के. सिंह और पीओ टी. एस. चौहान सहित कई अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी मुस्तैद रही। तोपचांची सर्कल इंस्पेक्टर, बाघमारा और बरोरा थाना की पुलिस बल मौके पर तैनात रही।
प्रशासन बोला, विरोध होना स्वाभाविक
धनबाद एसी विनोद कुमार ने कार्यक्रम को सफल बताते हुए कहा कि किसी भी बड़े प्रोजेक्ट में अलग-अलग राय होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में विरोध जरूर हुआ, लेकिन बाद में ग्रामीणों ने प्रोजेक्ट की पूरी जानकारी सुनी और समझी।
सरकार को भेजी जाएगी पूरी रिपोर्ट
जनसुनवाई में उठाए गए सभी मुद्दों और सुझावों को एक रिपोर्ट में तैयार किया जाएगा। यह रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी और आगे का फैसला सरकार के निर्देश के अनुसार लिया जाएगा।
Also Read : चतरा में 1 से 23 अप्रैल तक होमगार्ड भर्ती, DC कीर्तिश्री ने स्टेडियम पहुंचकर लिया जायजा

