Chatra : झारखंड के चतरा जिले में होमगार्ड बहाली को लेकर अब सब कुछ तैयार है। भर्ती प्रक्रिया 1 अप्रैल से शुरू होकर 23 अप्रैल तक चलेगी। इस दौरान सभी अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच और लिखित परीक्षा चतरा शहर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।
DC ने लिया ग्राउंड का जायजा
भर्ती से पहले उपायुक्त कीर्तिश्री जी खुद स्टेडियम पहुंचीं और पूरे इंतजाम का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां मौजूद दंडाधिकारियों और अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराई जाए।
भीड़ और सुरक्षा पर खास फोकस
उपायुक्त ने अभ्यर्थियों की सुविधा के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर भी खास ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवार आएंगे, ऐसे में हर छोटी-बड़ी व्यवस्था दुरुस्त रहनी चाहिए।
पहले ही कर लिया गया ट्रायल
किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए भर्ती प्रक्रिया का ट्रायल भी कराया गया। इससे प्रशासन को यह समझने में मदद मिली कि कहां सुधार की जरूरत है और कैसे पूरी प्रक्रिया को और बेहतर बनाया जा सकता है।
समय पर तैयारी पूरी करने का निर्देश
DC ने सभी अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और तय समय के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने को कहा। प्रशासन की कोशिश है कि पूरी बहाली प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो।
कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी, एसडीओ जहूर आलम, एसडीपीओ संदीप सुमन, डीएसपी मुख्यालय अमिता लकड़ा, जिला समादेष्टा अमरेंद्र कुमार और इंस्पेक्टर माजिद आलम समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
युवाओं के लिए बड़ा मौका
होमगार्ड बहाली को लेकर जिले के युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। लंबे समय से इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह एक बड़ा मौका माना जा रहा है।
Also Read : रांची में शर्मनाक घटना, महिला का मुंह काला कर मुहल्ले में घुमाया, आरोपी गिरफ्तार


