Johar Live Desk : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी नेट दिसंबर 2025 सत्र की विषयवार परीक्षा तिथियां जारी कर दी हैं। यूजीसी नेट की परीक्षा 31 दिसंबर 2025 से 7 जनवरी 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित (सीबीटी) मोड में होगी।
परीक्षा दो शिफ्टों में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। इस बार यूजीसी नेट की परीक्षा कुल 85 विषयों में कराई जाएगी। परीक्षार्थी आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाकर पूरा परीक्षा कार्यक्रम देख सकते हैं।
एनटीए ने बताया है कि परीक्षा शहर (एग्जाम सिटी) की जानकारी परीक्षा शुरू होने से करीब 10 दिन पहले जारी की जाएगी। वहीं, एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।
यूजीसी नेट परीक्षा का आयोजन देशभर के विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा संस्थानों में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ), असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता और पीएचडी में प्रवेश के लिए किया जाता है। यह परीक्षा साल में दो बार होती है।
यूजीसी नेट में दो पेपर होते हैं। पेपर-1 में सामान्य योग्यता और शिक्षण अभिरुचि से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं। पेपर-2 में उम्मीदवार के चुने गए विषय से प्रश्न होते हैं। सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के लिए 35 प्रतिशत अंक लाना जरूरी होता है।
एनटीए ने अलग-अलग तिथियों पर विभिन्न विषयों की परीक्षा का शेड्यूल जारी किया है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपने विषय की तारीख और शिफ्ट की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर समय पर जांच लें।


