Aurangabad : बिहार के औरंगाबाद जिले में आज यानी सोमवार को एक दुखद हादसा हुआ। स्नान के दौरान दो किशोर गहरे पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त रवि कुमार (16) और पवन कुमार (17) के तौर पर की गई है। दोनों अपनी चचेरी दादी राजकुमारी देवी (80) के दाह संस्कार में शामिल होने के लिए घाट पर आए थे। घटना दाउदनगर थाना क्षेत्र में सोन नदी के काली स्थान घाट की है। इस हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया और परिजनों में कोहराम मच गया।
बचाने की कोशिश रही नाकाम
मिली जानकारी के अनुसार दाह संस्कार के बाद परिवार और अन्य लोग घाट पर स्नान कर रहे थे। दाउदनगर के वार्ड संख्या 7, नालबंद टोली निवासी जीतवहन राम का बेटा रवि और सत्येंद्र राम का बेटा पवन भी नहाने के लिए नदी में उतरे। स्नान के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने बचाव की कोशिश की, लेकिन असफल रहे।
एक घंटे की तलाश के बाद मिली बॉडी
बचाव के प्रयास में जितेंद्र राम और शंकर कुमार भी नदी में कूदे, लेकिन वे भी तेज धार में फंस गए। इस बीच विनय पासवान ने साहस दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन रवि और पवन को बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही दाउदनगर थाना पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों किशोरों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
अवैध बालू खनन को बताया हादसे की वजह
वार्ड पार्षद राजू राम ने मीडिया को बताया कि जंगी राम की पत्नी राजकुमारी देवी के निधन के बाद परिवार दाह संस्कार के लिए काली स्थान घाट पर गया था। स्नान के दौरान यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोन नदी में अवैध बालू खनन के कारण गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रशासन ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Also Read : पटना रेंज के नये IG बने IPS जितेंद्र राणा, धाकड़ अधिकारियों की लिस्ट में शामिल है इनका नाम