Ranchi : रांची यातायात पुलिस ने नकली नंबर प्लेट लगाकर चलाए जा रहे दो मोटरसाइकिलों को जब्त किया है। पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि कुछ वाहन मालिक अपने असली रजिस्ट्रेशन नंबर की जगह दूसरे वाहनों के नंबर लगाकर शहर में वाहन चला रहे हैं। इस पर रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने संज्ञान लेते हुए विशेष जांच टीम बनाई और सभी यातायात थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। जांच अभियान के दौरान लालपुर और बुटी मोड़ इलाके में दो संदिग्ध बाइक पकड़ी गईं।
पहला मामला लालपुर चौक पोस्ट का है, जहां सफेद रंग की टी.वी.एस. अपाचे बाइक (संख्या JH 01CE-6741) को जांच के लिए रोका गया। चालक कागजात लाने के बहाने वहां से चला गया और वापस नहीं लौटा। जांच में पता चला कि बाइक पर किसी और वाहन (पैशन प्रो) का नंबर लगाया गया था। इंजन और चेसिस नंबर की जांच में वाहन बरियातु थाना क्षेत्र से चोरी का निकला।
दूसरा मामला बुटी मोड़ पोस्ट का है, जहां पुलिस ने काले रंग की टी.वी.एस. अपाचे (संख्या JH 01DX-1834) को रोका। इस वाहन के चालक ने भी कागजात लाने का बहाना किया और फरार हो गया। जांच में पता चला कि बाइक पर दूसरे वाहन का नंबर लगा है। असली रजिस्ट्रेशन नंबर JH 08G-9760 है, जो लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र निवासी विमल उरांव के नाम पर पंजीकृत है।
दोनों वाहनों को पुलिस ने जब्त कर लिया है और आगे की जांच जारी है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की नंबर प्लेट में किसी भी तरह की हेरफेर न करें और मोटरयान अधिनियम के अनुसार सही नंबर प्लेट लगाकर ही वाहन चलाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : SP ने महिला थाना में ‘स्वागत कक्ष’ का किया उद्घाटन, बोले- यह संवेदना और विश्वास का प्रतीक


