Ranchi : रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए TPC संगठन से जुड़े दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इन पर एक व्यवसायी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है। यह मामला 17 अप्रैल 2026 का है, जब ओरमांझी क्षेत्र के एक व्यवसायी से TPC के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग की गई थी। इस संबंध में पहले ओरमांझी थाना में मामला दर्ज किया गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस उपाधीक्षक सिल्ली के नेतृत्व में गठित इस टीम ने तकनीकी मदद से छापेमारी की कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान ईरबा गोलचक्कर के पास शालीमार नर्सरी के नजदीक दो संदिग्ध व्यक्ति खड़े दिखे। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान समरित गंझू उर्फ मलिंगा उर्फ अरुण जी और सोनू उरांव उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान समरित गंझू के बैग से एक देसी कट्टा, मैगजीन, दो मोबाइल, एक राउटर, दो सिम कार्ड, एक पावर बैंक और चार डेटा केबल बरामद किए गए। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे ओरमांझी, हजारीबाग, रामगढ़ और चतरा के व्यवसायियों से धमकी देकर लेवी वसूलने का काम करते थे।
गिरफ्तार समरित गंझू का आपराधिक इतिहास भी लंबा है और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं, जिनमें रंगदारी, धमकी और आर्म्स एक्ट से जुड़े केस शामिल हैं। पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क को लेकर अलग से एक और मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को रांची पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे इलाके में सक्रिय उग्रवादी नेटवर्क पर बड़ी चोट पहुंची है।
Also Read : रांची में नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन मुस्तैद: डीसी ने दिए फर्जी परीक्षार्थियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश


