Patna : पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र में न्यू बाइपास रोड पर दो शातिर ठगों ने एक वरिष्ठ अधिकारी का कीमती सामान से भरा बैग चुरा लिया। पीड़ित कुंदन कुमार मलेशिया में एक विदेशी मार्केटिंग कंपनी में वरिष्ठ अधिकारी के पद पर हैं। उनके बैग में 30–40 लाख रुपये के गहने, लैपटॉप और महत्वपूर्ण दस्तावेज थे।
कुंदन अपने ससुराल समस्तीपुर में एक शादी में शामिल होकर शुक्रवार को अपनी मां के साथ निजी कार से बोध गया लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार कंकड़बाग थाना क्षेत्र से गुजर रही थी, दो युवकों ने इशारा कर गाड़ी रुकवाई और कहा कि कार के इंजन के पास से कुछ गिर रहा है। वे लगातार वही बात दोहराते रहे।
कुंदन जैसे ही गाड़ी से नीचे उतरे, उसी समय एक युवक आगे की सीट पर रखा बैग उठाकर भाग गया। उन्हें समझ आने से पहले ही ठग फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। कंकड़बाग थाना पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, ताकि दोनों शातिरों की पहचान हो सके। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ठग कितनी देर से वहां गाड़ियों की रेकी कर रहे थे।
Also Read : भारत-रूस संबंधों को नई गति : प्रस्तावित FTA पर बातचीत तेज करने पर सहमति


