Gopalganj : बिहार के गोपालगंज जिले से सनसनीखेज खबर आई है। थावे दुर्गा मंदिर में बीती देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मंदिर प्रशासन और श्रद्धालुओं के अनुसार, चोरों ने मां दुर्गा की प्रतिमा से सोने-चांदी का मुकुट, हार, छतरी और अन्य कीमती आभूषण चोरी कर लिए। चोरी मंदिर परिसर में लगे लॉकर को तोड़कर की गई, जिससे प्रशासन और श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया।
पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि चोरी रात 11:30 से 12:00 बजे के बीच हुई। दो अज्ञात चोर, जिन्होंने चेहरे पर मास्क लगाया था, मंदिर के पीछे के रास्ते से सीढ़ी का सहारा लेकर अंदर घुसे। उन्होंने कटर की मदद से मंदिर का ताला काटा और आभूषण ले गए। चोरी के बाद चोर उसी रास्ते से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। FSL टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया है। वैज्ञानिक तरीकों से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी की जल्द पहचान और गिरफ्तारी का दावा किया है।
एसपी अवधेश दीक्षित ने कहा कि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता से समीक्षा की जा रही है। मंदिर में तैनात निजी सुरक्षा गार्ड की भूमिका भी जांची जाएगी। भविष्य में मंदिर की सुरक्षा और मजबूत की जाएगी।
श्रद्धालु इस चोरी से आहत हैं और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सभी तकनीकी और फील्ड संसाधनों का उपयोग कर इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा किया जाएगा।
Also Read : सरायकेला में तेज रफ्तार ट्रेलर ने मचाया कहर, तीन लोगों की मौ’त


