Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टाटा–कांड्रा मुख्य मार्ग पर टूल रूम के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रेलर ने पहले एक स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कूटी सवार सड़क पर जा गिरा। इसके बाद चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया। बिना चालक के ट्रेलर आगे बढ़ते हुए सड़क की दूसरी ओर से आ रही एक बुलेट से टकरा गया।
इस हादसे में बुलेट पर सवार चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नवीन पाल और अभिषेक पाल के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों एक परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। वहीं, स्कूटी सवार गदड़ा मध्य विद्यालय के शिक्षक राकेश राय की टीएमएच अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर लिया गया। आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि फरार चालक की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। इस हादसे में कुल तीन लोगों की जान चली गई।


