Ranchi : रांची नगर निगम चुनाव में भाजपा समर्थित रोशनी खलखो ने मेयर पद पर जीत हासिल कर ली है। मेयर पद की जीत के साथ ही अब फोकस डिप्टी मेयर पद की ओर शिफ्ट हो गया है। भाजपा इस बार पुराने नेताओं की बजाय नए चेहरे पर दावं लगाने की तैयारी में है।
पुराने चेहरे इस बार नहीं, नए उम्मीदवार पर नजर
भाजपा के कई पुराने नेताओं ने इस बार डिप्टी मेयर पद के लिए नामांकन नहीं कराया है। पार्टी वरिष्ठ नेता के अनुसार नए चेहरे पर दावं लगाया जा सकता है। चूंकि मेयर का पद आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित है, इसलिए डिप्टी मेयर के लिए सामान्य वर्ग का उम्मीदवार चुना जा सकता है। भाजपा के पास अब तक 25 से अधिक पार्षद जीत चुके हैं, ऐसे में पार्टी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि डिप्टी मेयर भी उसी पार्टी का हो।
कौन बन सकता है डिप्टी मेयर?
पार्टी इस समय नए और स्वीकार्य चेहरे की तलाश में है। सुनील यादव “मामा” (वार्ड 21), रश्मि चौधरी (वार्ड 28), प्रदीप कुमार और सुचिता रानी जैसे उम्मीदवारों पर विचार हो सकता है। अगर मेयर और डिप्टी मेयर दोनों महिला हों, तो रश्मि चौधरी या सुचिता रानी के नाम पर फैसला लिया जा सकता है। भाजपा का ध्यान ऐसे नेता पर है, जो पूरे रांची में स्वीकार्य हो और पहली बार चुनाव जीत चुके हों या बिलकुल नए हों।
अन्य पार्टियों की स्थिति
झामुमो के संभावित डिप्टी मेयर उम्मीदवार सोमवित मांझी हार गए हैं। कांग्रेस का भी इस बार कोई उल्लेखनीय प्रदर्शन नहीं रहा। दोनों पार्टियां अपनी संभावनाओं पर गौर कर रही हैं, लेकिन फिलहाल भाजपा ही मजबूत दावेदार दिख रही है। भाजपा फिलहाल होली के बाद डिप्टी मेयर के उम्मीदवार पर अंतिम फैसला लेगी।
Also Read : रांची नगर निगम चुनाव : किस वार्ड में किसने मारी बाजी, पूरी लिस्ट देखें

