Khunti : खूंटी जिले में हुए पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। इस बार कुख्यात राहुल सिंह गैंग की ओर से “आजाद सरकार” के नाम से जारी एक प्रेस बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, इस बयान की आधिकारिक पुष्टि अब तक पुलिस या प्रशासन की ओर से नहीं की गई है।
जारी बयान में गैंग ने पुलिस पर निष्पक्ष जांच नहीं करने का आरोप लगाया है। संगठन का कहना है कि अब तक मामले के असली शूटर को गिरफ्तार नहीं किया गया है। उनके अनुसार, जिन लोगों को पुलिस ने पकड़ा है, वे निर्दोष हैं और सभी गरीब आदिवासी परिवारों से जुड़े हैं। आरोप लगाया गया है कि असली अपराधियों को बचाकर निर्दोष लोगों को फंसाया जा रहा है। गैंग ने अपने बयान में यह भी कहा है कि वह इस कठिन समय में सोमा मुंडा के परिजनों के साथ खड़ा है। साथ ही मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
प्रेस रिलीज में चेतावनी भरे शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है। इसमें कहा गया है कि यदि पुलिस जल्द असली अपराधियों तक नहीं पहुंचती, तो संगठन खुद सच्चाई सामने लाने का प्रयास करेगा। साथ ही अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है। इधर, वायरल बयान को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : शादी का झांसा देकर साथ रहा युवक, फिर हुआ फरार, गांव पहुंची पीड़िता ने किया हंगामा

