Kodarma : जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत मुर्कमनाय पंचायत के ग्राम बेला में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पश्चिम बंगाल की एक युवती महिला संगठन के सदस्यों के साथ गांव पहुंची और हंगामा किया। युवती ने गांव निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर साथ रहने और बाद में छोड़ देने का आरोप लगाया है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्यार
पीड़िता का आरोप है कि उसकी पहचान बेला गांव निवासी नितेश पंडित (पिता– गजेंद्र पंडित) से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया। युवती का दावा है कि दोनों ने एक मंदिर में शादी भी की थी। युवती के अनुसार, शादी के बाद दोनों फरवरी महीने से करीब 7–8 महीने तक हैदराबाद में पति-पत्नी की तरह साथ रहे। इसी दौरान अचानक युवक बिना किसी सूचना के गायब हो गया। उसका मोबाइल भी बंद आने लगा, जिससे संपर्क पूरी तरह टूट गया।
शिकायत के बाद गांव पहुंची युवती
काफी खोजबीन के बाद भी जब युवक का कोई पता नहीं चला, तो युवती खुद को ठगा और असहाय महसूस करने लगी। इसके बाद वह कोडरमा पहुंची और मरकच्चो थाना में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता का कहना है कि युवक ने न्यायालय में विवाह करने का आश्वासन देकर जमानत ली थी, लेकिन अब न तो वह संपर्क में है और न ही मंदिर में की गई शादी को स्वीकार कर रहा है।
महिला संगठन के साथ युवक के घर पहुंची
न्याय न मिलने से आहत युवती महिला संगठन के सदस्यों के साथ नितेश पंडित के घर बेला गांव पहुंची। यहां उसने कहा कि शादी का भरोसा देकर साथ रखने के बाद अब उसे समाज में अपमान और बदनामी का सामना करना पड़ रहा है। गांव और रिश्तेदारों के बीच उसके चरित्र को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, जिससे उसका जीवन प्रभावित हुआ है।
युवक ने अपनाने से किया इनकार
काफी हंगामे और समझाने-बुझाने के प्रयासों के बावजूद नितेश पंडित ने युवती को अपनाने से साफ इनकार कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। आखिर में युवती और महिला संगठन के सदस्य निराश होकर लौट गए। घटना के बाद देर रात तक गांव में इस मामले को लेकर चर्चा होती रही।
Also Read : पटना सिविल कोर्ट में अवैध हथियार के साथ घुस गए बदमाश, एक गिरफ्तार, दूसरा फरार


