Johar Live Desk : महाराष्ट्र की राजनीति के लिए बुधवार का दिन एक दुखद अध्याय बन गया। राज्य के डिप्टी सीएम और एनसीपी (NCP) प्रमुख अजित पवार का चार्टर्ड विमान बारामती हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में अजित पवार समेत विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई।
विमान और क्रू की जानकारी :
दुर्घटनाग्रस्त विमान VSR वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड का लियरजेट 45 (Learjet 45) था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-SSK है। विमान की कमान अनुभवी पायलट कैप्टन सुमित और फर्स्ट ऑफिसर शाम्भवी पाठक संभाल रही थीं। फ्लाइट अटेंडेंट के रूप में पिंकी माली विमान में मौजूद थीं। बताया गया है कि शाम्भवी पाठक साल 2022 से इस कंपनी के साथ कार्यरत थीं और उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी से एविएशन की पढ़ाई के बाद न्यूजीलैंड में भी पायलट ट्रेनिंग ली थी।
कंपनी का पिछला रिकॉर्ड :
VSR Ventures Pvt Ltd दिल्ली की एक निजी एविएशन कंपनी है, जिसकी स्थापना वर्ष 2011 में हुई थी। यह कंपनी चार्टर्ड विमान सेवाओं और एविएशन कंसलटेंसी का काम करती है। कंपनी के मालिक कैप्टन विजय सिंह और कैप्टन रोहित सिंह बताए गए हैं। इससे पहले 14 सितंबर 2023 को भी कंपनी का एक विमान मुंबई एयरपोर्ट पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।
कैसे हुआ हादसा :
यह हादसा सुबह करीब 8:45 से 9:15 बजे के बीच हुआ। अजित पवार मुंबई से बारामती जिला परिषद चुनाव के लिए जनसभाओं को संबोधित करने जा रहे थे। बारामती रनवे पर लैंडिंग के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आ गई। विमान रनवे पर उतरने के बजाय पास के एक खेत में जा गिरा। जमीन से टकराते ही विमान में भीषण आग लग गई और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
DGCA ने की मौत की पुष्टि :
नागरिक विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने हादसे में अजित पवार, उनके निजी सहायक, सुरक्षा गार्ड और दोनों पायलटों समेत कुल 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है। DGCA ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। अजित पवार को बुधवार को बारामती में चार बड़ी जनसभाओं को संबोधित करना था, जिसके लिए बड़ी संख्या में समर्थक पहले से जुटे हुए थे। लेकिन कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही हादसे की खबर फैल गई, जिससे पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई। घटनास्थल पर प्रशासन और राहत-बचाव दल की टीमें मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Also Read : कोडरमा में युवती का हंगामा, प्रेमी पर शादी का झांसा देकर छोड़ने का आरोप


