Ranchi : रांची के ऑड्रे हाउस में मंगलवार से दो दिवसीय नाची से बाची जनजातीय स्वशासन महोत्सव की शुरुआत हुई। इस महोत्सव का आयोजन झारखंड सरकार के पंचायती राज विभाग द्वारा किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनजातीय स्वशासन को मजबूत करना और ग्राम सभाओं को सशक्त बनाना है।
महोत्सव का उद्घाटन पारंपरिक नगाड़ा वादन के साथ किया गया। राज्य के विभिन्न जिलों से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से जनजातीय संस्कृति की झलक दिखाई। कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने महोत्सव का शुभारंभ किया।
दो दिवसीय आयोजन में जनजातीय संस्कृति से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें पारंपरिक नृत्य-संगीत, गोष्ठियां, शिल्प और पेंटिंग प्रदर्शनी, फिल्म शो और आदिवासी खान-पान के स्टॉल शामिल हैं। साथ ही पेसा कानून को प्रभावी तरीके से लागू करने को लेकर चर्चा भी की जा रही है।
इस मौके पर पंचायती राज विभाग के न्यूज लेटर का विमोचन और विभागीय पोर्टल का अनावरण भी किया गया। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सरकार ग्राम सभाओं को मजबूत कर जनजातीय स्वशासन को जमीन पर उतारने के लिए लगातार काम कर रही है।
Also Read : जुबली पार्क के दोनों गेट 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक रहेंगे बंद


