Dumka : दुमका के डीसी अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में राजकीय जनजातीय हिजला मेला को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए तैयारियों पर चर्चा की गई। इस बैठक में मेले की नई तिथि 13 से 20 फरवरी तय की गई। पहले यह मेला 20 से 27 फरवरी तक आयोजित होना था। नगर निकाय चुनाव की घोषणा के बाद तिथि में यह बदलाव किया गया। डीसी ने सभी विभागों को नई तिथि के अनुसार तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में सुरक्षा, सफाई, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, अग्निशमन और यातायात से जुड़े सभी मुद्दों की समीक्षा की गई। डीसी ने कहा कि सभी विभाग आपस में समन्वय बनाकर काम करें।डीसी ने बताया कि मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे, जिसमें क्षेत्र की पारंपरिक कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक दिखाई देगी। कार्यक्रमों के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है।
हिजला मेला दुमका का ऐतिहासिक मेला है। इसकी शुरुआत 1890 में ब्रिटिश काल में हुई थी। बाद में इसे जनजातीय मेला के नाम से जाना गया और रघुवर दास की सरकार ने इसे राजकीय मेला का दर्जा दिया।
Also Read : महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर राज्यपाल ने दी सादर श्रद्धांजलि


