साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिले में एक सहायक पुलिस अवर निरीक्षक (ASI) को बिजली के खंभे से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मामला तालझारी थाना क्षेत्र के मोतीझरना बाजार का बताया जा रहा है. इस घटना के बाद साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक ने एएसआई चिंटू कुमार को निलंबित कर दिया है.
जब जोहार लाइव ने साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक से फोन पर संपर्क कर मामले की जानकारी मांगी, तो उन्होंने एएसआई चिंटू कुमार को निलंबित किए जाने की पुष्टि की.
ग्रामीणों ने एएसआई पर लगाए गंभीर आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि 21 अक्टूबर की रात एएसआई चिंटू कुमार शराब के नशे में थे और मोतीझरना बाजार में हंगामा कर रहे थे. ग्रामीणों के मुताबिक, एएसआई ने कथित तौर पर एक घर के दरवाजे पर खड़ी बाइक को धक्का देकर गिरा दिया और स्थानीय लोगों के साथ गाली-गलौज की. इसके बाद विवाद बढ़ गया और स्थानीय लोगों नेएएसआईके साथ मारपीट की.
दूसरी ओर,एएसआई चिंटू कुमार ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद उन्हें मेला ड्यूटी के लिए महाराजपुर बाजार भेजा गया था. इसी दौरान रात करीब 8:30 बजे मोतीझरना के पास कुछ लोगों ने उनके वाहन को रुकवा लिया. आरोप है कि लोगों ने उन्हें गाड़ी से खींचकर बाहर निकाला, मारपीट की और बिजली के खंभे से बांध दिया.
19 नामजद समेत करीब 40 अज्ञात लोगों पर FIR
एएसआई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 19 नामजद और करीब 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. घटना की जानकारी मिलने के बाद तालझारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और एएसआई को मुक्त कराया.
वहीं, ग्रामीणों ने भी पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर एएसआई पर शराब के नशे में हंगामा करने और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है. ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
मामले के सामने आने के बाद साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक ने एएसआई चिंटू कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. जोहार लाइव से फोन पर बातचीत के दौरान एसपी ने निलंबन की पुष्टि की.
Also Read : गोड्डा में मां दुर्गा के विसर्जन पर विवाद, दो दिन बाद भी पंडाल में रखी है प्रतिमा
