Chapra : बिहार के छपरा शहर से एक दुखद घटना सामने आई है। भगवान बाजार थाना क्षेत्र की अंबिका भवानी कॉलोनी में बीती देर रात एक परिवार ने कड़ाके की ठंड से बचने के लिए कमरे में अंगीठी (बोरसी) जलाई। इसी कारण चार लोगों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बेतरह जख्मी हैं।
सूत्रों के अनुसार, परिवार ने रात में कमरे के भीतर अंगीठी जलाई और दरवाजे-खिड़कियां बंद कर सो गए। इससे कमरे में ऑक्सीजन की कमी हो गई और अंगीठी के धुएं में मौजूद कार्बन मोनोऑक्साइड गैस ने चार लोगों की जान ले ली। इस हादसे में 70 वर्षीय कमलावती देवी, तीन वर्षीय तेजांश, सात माह की आद्या और नौ माह की गुड़िया की मौत हुई। तीन मासूम बच्चों की जान जाने से परिवार पर भारी दुख छा गया।
परिवार के कुछ सदस्य इलाज के सिलसिले में वाराणसी से छपरा आए थे। हादसे में अंजली, अमीषा, अमित कुमार और संजय शर्मा की पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही भगवान बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ठंड के मौसम में बंद कमरे में अंगीठी, अलाव या बोरी जलाने से बचें ताकि ऐसे हादसे न हों।
Also Read : रांची में बुलडोजर अभियान जारी, कांटाटोली इलाके से अतिक्रमण हटाया


