Koderma : कोडरमा जिले में आने वाले दिनों में बिजली की कमी हो सकती है। कोडरमा थर्मल पावर प्लांट की एक यूनिट 16 दिसंबर से बंद है, जिससे 500 मेगावाट बिजली का उत्पादन नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा, कोडरमा पावर प्लांट और झुमरी तिलैया के बिशुनपुर ग्रिड के बीच 132 केवीए कंडक्टर बदलने का काम चल रहा है, जो पूरा होने में अभी लगभग एक सप्ताह का समय लगेगा।
कोडरमा थर्मल पावर प्लांट के चीफ इंजीनियर संजय कुमार ने बताया कि अब केवल एक यूनिट से ही बिजली बन रही है, इसलिए पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। बिजली विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर रणधीर कुमार के अनुसार, 2 जनवरी से जिले में बिजली सप्लाई बिना रुकावट शुरू होने की उम्मीद है।
रणधीर कुमार ने कहा कि मेंटेनेंस के दौरान शहरों में 16 से 17 घंटे और ग्रामीण इलाकों में कम से कम 12 घंटे बिजली देने की कोशिश की जाएगी। पहले 10 दिसंबर से 25 दिसंबर तक डोमचांच, मरकच्चो, सतगावां और जयनगर में आधी बिजली देने की जानकारी दी गई थी, लेकिन अब काम में अतिरिक्त समय लग रहा है।
बिजली संकट के कारण उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में डीवीसी और जेबीवीएनएल अधिकारियों की बैठक हुई। अधिकारियों ने बताया कि KTPS के मेन ट्रांसफार्मर पर भी मेंटेनेंस चल रहा है, जो 1 जनवरी तक पूरा होने की उम्मीद है। इस कारण, 27 दिसंबर को मरकच्चो, सतगावां, डोमचांच, जयनगर और हजारीबाग के चलकुशा प्रखंड में सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक बिजली बंद रहेगी।
Also Read : ठंड से बचने के लिए जलाई गई अंगीठी बनी परिवार के लिए काल, चार की मौ’त


