Ranchi : रांची नगर निगम ने कांटाटोली इलाके में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। निगम की इन्फोर्समेंट टीम और ट्रैफिक पुलिस ने मौलाना आजाद कॉलोनी चौक से कांटाटोली चौक तक सड़क के दोनों किनारों पर लगे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की।
इस अभियान में दो दर्जन से अधिक अस्थायी संरचनाएं, ठेला, गुमटी और खोंमचा हटाए गए। निगम का कहना है कि अभियान के बाद व्यस्त मार्ग कांटाटोली अब अतिक्रमण मुक्त हो गया है। निगम ने सड़क किनारे दुकान लगाने वाले वेंडर को चेतावनी दी है कि भविष्य में अगर फिर से दुकान लगाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसी तरह नगर निगम की बाजार शाखा ने शहर में अवैध होर्डिंग, फ्लैक्स और बैनर-पोस्टर के खिलाफ भी अभियान चलाया। जांच में पाया गया कि आठ प्रतिष्ठानों ने बिना अनुमति के फ्लैक्स और बैनर लगाए थे। सभी को प्रति फ्लैक्स 25 हजार रुपये के हिसाब से कुल 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे मुख्य सड़क और नालियों पर अतिक्रमण न करें। बिना निगम प्रशासक या कार्यपालक पदाधिकारी की लिखित अनुमति के किसी भी तरह का विज्ञापन, होर्डिंग, फ्लैक्स या पोस्टर-बैनर लगाना निषेध है और उल्लंघन करने पर आर्थिक दंड सहित कड़ी कार्रवाई होगी।
Also Read : BSF में कॉन्स्टेबल (GD) स्पोर्ट्स कोटे के पदों पर भर्ती, आवेदन आज से शुरू


