Jamshedpur : शहर के टेल्को थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के गले पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत टेल्को थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर प्रारंभिक जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल पर खून के धब्बे या संघर्ष के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को टेल्को थाना क्षेत्र में लाकर फेंक दिया गया।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
Also Read : अंश-अंशिका के परिवार को जोड़ा जायेगा सरकारी योजनाओं से, सीएम हेमंत ने दिया आदेश

