Muzaffarpur : मुजफ्फरपुर के बोचहां थाना क्षेत्र के भूसाही इलाके में एक अज्ञात शख्स की बॉडी खून से लथपथ मिली। मृतक के कनपटी पर गोली लगी हुई थी। शुरुआती अंदाज में हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना स्थल से एक बाइक और पिस्टल भी बरामद हुई है। फिलहाल डेड बॉडी की शिनाख्त नहीं हो सकी है, क्योंकि मौके पर कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह हत्या है या खुदकुशी।
बाइक के मालिक की तलाश में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल से बरामद बाइक सदर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस अब बाइक के मालिक और रजिस्ट्रेशन डिटेल खंगाल रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके। डीएसपी पूर्वी अलय वत्स ने मीडिया को बताया कि पुलिस हर संभावित एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
इलाके में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े ऐसी वारदात होने से भूसाही इलाके में तनाव और भय का माहौल बन गया है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल टावर लोकेशन की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय वहां कौन मौजूद था। पुलिस ने भरोसा दिया है कि जल्द ही मृतक की पहचान कर ली जाएगी और मामले की गुत्थी सुलझा दी जाएगी।
Also Read : हजारीबाग में दिनदहाड़े फा’यरिंग, प्रभु सोनी जख्मी

