New Delhi : टी20 वर्ल्ड कप का आज यानी 8 मार्च को क्रिकेट फैंस के लिए बड़ा दिन है। ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच India और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेंगी। भारत अपनी दमदार बैटिंग और गत चैंपियन की मजबूती के साथ उतरेगा, वहीं न्यूजीलैंड शांत लेकिन घातक खेल दिखाकर खिताब अपने नाम करने की कोशिश करेगा।
भारत की नजर अपनी बादशाहत पर
टीम इंडिया अब तक चार बार विश्व खिताब जीत चुकी है- दो बार वनडे और दो बार टी20 में। लेकिन टी20 फॉर्मेट में लगातार खिताब बरकरार रखने का मौका यह फाइनल देगा। अगर भारत यह कर पाता है तो यह पहला मौका होगा जब कोई टीम टी20 वर्ल्ड कप का खिताब लगातार जीत पाएगी। साथ ही, यह पहला मौका होगा जब मेजबान टीम यह खिताब अपने घर पर जीतती है।
न्यूजीलैंड की ताकत और फॉर्म
हालांकि भारत को फेवरेट माना जा रहा है, लेकिन न्यूजीलैंड भी कम नहीं है। टूर्नामेंट में कीवी ओपनर Finn Allen ने 289 रन बनाए हैं, जबकि टिम सीफर्ट ने 274 रन। दोनों ने पहले विकेट के लिए दो शतकीय साझेदारी भी की है। गेंदबाजी में मिचेल सैंटनर की इकॉनमी (6.33) भारतीय बोलरों से बेहतर है।
पिच रिपोर्ट
फाइनल मैच के लिए अहमदाबाद की पिच नंबर 6 लाल और काली मिट्टी के मिश्रण वाली है, जो बल्लेबाजों के लिए काफी अनुकूल मानी जा रही है। वानखेड़े में खेले गए सेमीफाइनल में भी इसी तरह की पिच का इस्तेमाल किया गया था। इस पिच पर बल्लेबाजों को अच्छी बाउंस मिलती है और स्ट्रोक खेलने में मदद मिलती है, जबकि स्पिनर्स को ज्यादा सहायता नहीं मिलती। यह पिच टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ एक मुकाबले में इस्तेमाल हुई है। ग्रुप मैच में भारत ने इसी पिच पर नीदरलैंड्स को 17 रन से हराया था, वहीं न्यूजीलैंड को साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
मौसम और स्कोरिंग की उम्मीद
अहमदाबाद की पिच हाई स्कोरिंग रही है। अब तक 12 पारियों में 10 बार 170+ का स्कोर बना।
- दिन का अधिकतम तापमान : 41°C
- शाम का तापमान : 23°C
बारिश की कोई संभावना नहीं, इसलिए आज भी फैंस एक धमाकेदार हाई स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद कर सकते हैं।
हेड टू हेड
- कुल मैच : 30
- भारत : 18 जीत
- न्यूजीलैंड : 11 जीत
संभावित प्लेइंग XI
भारत : संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती
न्यूजीलैंड : टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलेन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, कोली मैककॉन्ची, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्युसन
मैच का प्रसारण
आज का फाइनल मैच शाम 7:00 बजे से स्टार स्पोर्ट्स और जियोहॉटस्टार पर लाइव देखा जा सकता है। क्रिकेट फैंस के लिए यह दिन बड़ा रोमांच लेकर आया है। भारत की बादशाहत बरकरार रहेगी या न्यूजीलैंड इतिहास रचेगा, यह आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में तय होगा।
Also Read : 9वीं के छात्र ने फंदे पर झूल दे दी जान, खराब गया था गणित का पेपर

