महेंद्र सिंह धोनी की धरती रांची से एक और युवा क्रिकेटर भारतीय टीम की जर्सी पहनने की दहलीज तक पहुंच गया है. रांची के युवा खिलाड़ी ईशान ओम का चयन भारत की अंडर-19 टीम में हुआ है. बाएं हाथ के बल्लेबाज और स्लो लेफ्ट-आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिन गेंदबाज ईशान अब ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ आगामी मल्टी-डे सीरीज में अपनी प्रतिभा दिखाते नजर आएंगे.
ईशान ओम के भारत अंडर-19 टीम में चयन पर झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) ने भी खुशी जताई है. JSCA ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ होने वाली मल्टी-डे सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुने जाने पर बधाई दी और इसे झारखंड क्रिकेट के लिए गर्व का पल बताया.
ईशान का क्रिकेट सफर रांची से शुरू हुआ और लगातार मेहनत व प्रदर्शन के दम पर वह आज भारतीय अंडर-19 टीम तक पहुंच गए हैं. उन्होंने रांची की आयु वर्ग टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए झारखंड क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई. रांची अंडर-16 और अंडर-19 टीम के लिए खेलने के बाद उन्हें झारखंड अंडर-19 टीम में भी मौका मिला.
बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं ईशान
ईशान गेंद और बल्ले दोनों से टीम के लिए योगदान देने की क्षमता रखते हैं. वह बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं, जबकि उनकी गेंदबाजी की खासियत स्लो लेफ्ट-आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिन है. झारखंड की आयु वर्ग प्रतियोगिताओं में उनके प्रदर्शन ने उन्हें लगातार आगे बढ़ने का मौका दिया.
ईशान झारखंड T20 क्रिकेट में रांची टाइटन्स की ओर से भी खेल चुके हैं. स्थानीय और राज्य स्तरीय क्रिकेट में प्रदर्शन के बाद अब उनके करियर में भारत अंडर-19 टीम का चयन सबसे बड़ा मौका बनकर आया है.
ईशान ओम रांची से भारत अंडर-19 टीम तक पहुंचने वाले पहले खिलाड़ी नहीं हैं. उनसे पहले रांची से सुशांत मिश्रा और पंकज यादव भी भारत की अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके हैं. सुशांत मिश्रा भारतीय अंडर-19 टीम के नियमित सदस्य रहे, जबकि पंकज यादव अंडर-19 विश्व कप टीम में भी शामिल रहे थे. ऐसे में ईशान ओम अब रांची की इस क्रिकेट परंपरा को आगे बढ़ाने वाले नए चेहरे के रूप में उभरे हैं.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिखाएंगे दम
ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ भारत की अंडर-19 टीम दो मल्टी-डे मुकाबले खेलेगी. पहला मुकाबला 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद में खेला जाएगा.
रांची से निकलकर भारतीय अंडर-19 टीम तक पहुंचने वाले ईशान ओम के चयन से झारखंड क्रिकेट में खुशी का माहौल है. अब सभी की नजर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके प्रदर्शन पर होगी. अगर ईशान को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है, तो उनके पास भारतीय जर्सी में अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा अवसर होगा.
Also Read : दोराबजी टाटा: जिसने पिता के सपने को बनाया भारत का औद्योगिक इतिहास


