Patna : अब पटना में खुले में थूकना लोगों को महंगा पड़ेगा। पटना नगर निगम ने शहर को साफ रखने के लिए सख्त नियम लागू किए हैं। अगर कोई व्यक्ति पान, गुटखा या अन्य चीज खाकर खुले में थूकते हुए पकड़ा गया, तो उससे 500 रुपये का जुर्माना लिया जाएगा।
इतना ही नहीं, ऐसे लोगों की फोटो शहर में लगी वेरिएबल मैसेज डिस्प्ले (VMD) स्क्रीन पर दिखाई जाएगी। उन्हें “नगर शत्रु” की श्रेणी में रखा जाएगा, ताकि लोग ऐसा करने से बचें।
शहर में लगे करीब 3300 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। ये सभी कैमरे इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से जुड़े हैं। इन कैमरों की मदद से खुले में थूकने और पेशाब करने वालों की पहचान की जाएगी। निगम की टीम को मौके पर ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
पटना जंक्शन को मल्टी मॉडल हब से जोड़ने वाली भूमिगत सब-वे में अब तक करीब 250 लोगों से जुर्माना वसूला जा चुका है। दिसंबर महीने में सबसे ज्यादा कार्रवाई हुई, जिसमें 156 लोग थूकते हुए पकड़े गए। सब-वे में थूकने पर 1000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा रहा है।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। पान और गुटखा थूकने से शहर की सुंदरता खराब हो रही है और कई जगहों पर गंदगी के लाल निशान बन गए हैं। इसे रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
पटना नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे शहर को साफ रखें। अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक जगह पर गंदगी फैलाता दिखे, तो इसकी जानकारी टॉल फ्री नंबर 155304 पर दें। निगम का कहना है कि अगर लोग खुले में थूकना बंद कर दें, तो पटना की स्वच्छता रैंकिंग और शहर की सुंदरता दोनों में सुधार होगा।


