Bhagalpur : भागलपुर के टाउन हॉल में आयोजित भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम में बिहार के डिप्टी सीएम सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भू-माफिया के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने साफ कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में अब किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भू-माफिया की सूची बनाने का आदेश
डिप्टी सीएम ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिलों में सक्रिय भू-माफिया की सूची पुलिस अधीक्षक के सहयोग से तुरंत तैयार कर मुख्यालय भेजें। उन्होंने कहा कि सूची मिलने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम लोगों को अपनी जमीन के लिए डरने की जरूरत न पड़े।
जमीन से जुड़ी सेवाएं ऑनलाइन
विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि राजस्व और भूमि सुधार विभाग की सभी प्रमुख सेवाएं अब ऑनलाइन कर दी गई हैं। इससे काम में पारदर्शिता आएगी और लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। साथ ही हर अंचल कार्यालय में कॉमन सर्विस सेंटर खोले जाएंगे, जहां प्रशिक्षित कर्मचारी कम शुल्क पर आवेदन और जरूरी जानकारी देंगे।
फर्जी दस्तावेजों पर कड़ी कार्रवाई
डिप्टी सीएम ने कहा कि फर्जी कागजात से काम रोकने वालों के खिलाफ अब सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। अंचल अधिकारियों और राजस्व कर्मियों को अधिकार दिया गया है कि वे ऐसे लोगों पर सीधे आपराधिक मामला दर्ज कर सकें। उन्होंने अधिकारियों से बिना डर कार्रवाई करने को कहा।
अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
उन्होंने बताया कि पटना के ज्ञान भवन में राज्य के सभी 38 जिलों के राजस्व अधिकारियों की विशेष कार्यशाला आयोजित की गई थी। इसमें साफ निर्देश दिए गए कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता हो और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता के हित में सरकार प्रतिबद्ध
डिप्टी सीएम ने कहा कि विभाग की नीति का केंद्र आम जनता है। पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ काम किया जाएगा। किसी भी दलाल या भू-माफिया को बख्शा नहीं जाएगा, जबकि सही व्यक्ति को पूरा न्याय मिलेगा। कार्यक्रम में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सी.के. अनिल भी मौजूद रहे। उन्होंने विभाग की योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि सरकार जमीन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह गंभीर है। बड़ी संख्या में लोग और अधिकारी इस जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल हुए।
Also Read : पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का निधन, 81 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस


