Simdega : सिमडेगा जिले में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में शनिवार को एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने NDPS एक्ट से जुड़े मामलों की समीक्षा बैठक की। बैठक में सिमडेगा और टी.टांगर थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। एसपी ने सभी अनुसंधानकर्ताओं को लंबित मामलों का जल्द और बेहतर तरीके से निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध स्टोरेज और बिक्री से जुड़े मामलों में वैज्ञानिक तरीके से जांच होनी चाहिए, ताकि अपराधियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाए जा सकें।
बैठक के दौरान एसपी ने जब्त मादक पदार्थों के नमूनों की समय पर जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ ठोस साक्ष्य एकत्र करने और जल्द से जल्द आरोप-पत्र दाखिल करने पर जोर दिया। उन्होंने तमाम थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित अभियान चलाने और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी मजबूती से जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समाज को इस बुराई से बचाया जा सके।
बैठक में सिमडेगा एसडीपीओ, सर्किल इंस्पेक्टर, सिमडेगा एवं टी.टांगर को थाना प्रभारी, संबंधित अनुसंधानकर्ता और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
Also Read : मुखिया पर फायरिंग कांड में तीन धराये, क्यों हुआ था हमला

