Godda : गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट पंचायत के मुखिया अनुपम कुमार पर बीते 18 जून को हुए जानलेवा फायरिंग मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में अनुपम कुमार के लिखित आवेदन पर पोड़ैयाहाट थाना में कांड दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मुकेश कुमार के निर्देश पर डीएसपी (मुख्यालय) जेपीएन चौधरी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी ने छापेमारी कर मामले में शामिल शातिर अपराधी अंकित यादव, नयन यादव और अमरकांत गिरी उर्फ कारु को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि शैलेन्द्र भगत हत्याकांड में अनुपम कुमार द्वारा गवाही दिए जाने के कारण वे उनसे नाराज थे। इसी वजह से उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर योजना बनाकर मुखिया पर फायरिंग की थी।
हथियार, वाहन और मोबाइल बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक अवैध पिस्टल, एक देशी कट्टा, पांच जिंदा गोली, एक बोलेरो वाहन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद सभी सामानों को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अंकित यादव और नयन यादव के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इस कार्रवाई में पोड़ैयाहाट थाना, गोड्डा पुलिस तथा तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।
Also Read : चतरा में मुठभेड़, पांच गिरफ्तार, अपहृतों का क्या हुआ… जानिये

