Chatra : चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हडगड़ी जंगल में पुलिस और अपहरणकर्ताओं के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने 6 अपहृत ग्रामीणों को सुरक्षित छुड़ा लिया और 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, 18 जून की रात लगभग 10:30 बजे हथियारबंद अपराधियों ने तेलियाडीह और गोवदा गांव में धावा बोलकर 6 ग्रामीणों का अपहरण कर लिया था। इसके बाद सभी को जंगल की ओर ले जाया गया। अपराधियों ने परिजनों को फोन कर खुद को MCC का सदस्य बताया और 1 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। साथ ही धमकी दी कि रकम नहीं देने पर बंधकों की हत्या कर दी जाएगी। इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस ने रात में चलाया सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही चतरा पुलिस एक्टिव हो गई। एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम रात में ही जंगल में सर्च ऑपरेशन में चलाया। सर्च ऑपरेशन के दौरान जैसे ही पुलिस टीम अपराधियों के ठिकाने के करीब पहुंची, अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी होती रही। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा जंगल दहल उठा। पुलिस की घेराबंदी और जवाबी कार्रवाई देख अपराधियों ने सभी बंधक बनाए गये 6 ग्रामीणों को मौके पर ही छोड़ दिया और जंगल की ओर फरार होने लगे। पुलिस ने पीछा कर 5 आरोपियों को धर दबोचा।
सभी अपहृत सुरक्षित बरामद
पुलिस ने जिन ग्रामीणों को सुरक्षित बरामद किया उनमें विनोद साव, महेन्द्र साव, संतोष साव, प्रदीप साव, बिंदु देवी और सोनी देवी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में रमेश कुमार गंझू और सतीश कुमार गंझू की पहचान हुई है, जो टंडवा थाना क्षेत्र के हेसातु गांव के लेम्बोडीह टोला के निवासी बताए गए हैं। तीन नाबालिग आरोपियों को डीटेन किया गया है। सभी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने देशी हथियार, पिस्टल जैसा दिखने वाला लाइटर, चाकू, लूटे गए मोबाइल फोन समेत कई सामान बरामद किए हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है। फरार अपराधियों की तलाश की जा रही है।
Also Read : आखिर सरयू राय कांग्रेस को सरकार से क्यों निकाल फेंकना चाहते हैं

