Patna : राज्य सरकार ने सचिवालय और प्रमुख सरकारी भवनों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब सचिवालय परिसरों में आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। गृह विभाग ने इस योजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत पुराने और नए सचिवालय के अलावा अधिवेश भवन, सिंचाई भवन, विकास भवन, सूचना भवन और विश्वेश्वरैया भवन में बड़े पैमाने पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। भवनों के मुख्य गेट, गलियारे, सीढ़ियां, पार्किंग और पूरे परिसर में हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा सके।
सरकार इस परियोजना पर कुल 29 करोड़ 23 लाख रुपये से ज्यादा खर्च करेगी। इसमें से वित्तीय वर्ष 2025-26 में करीब 23 करोड़ 57 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बजट मंजूर होते ही टेंडर और तकनीकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हर भवन में सीसीटीवी की निगरानी के लिए अलग कंट्रोल एंड कमांड सेंटर बनाया जाएगा। यहां से 24 घंटे लाइव फुटेज देखी जाएगी। प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
गृह विभाग के अनुसार, सचिवालय और सरकारी भवनों में रोज बड़ी संख्या में लोग आते हैं, इसलिए सुरक्षा बेहद जरूरी है। सीसीटीवी से अपराध पर रोक लगेगी और जरूरत पड़ने पर फुटेज जांच में मददगार होगा। इसके साथ ही राज्य के पुलिस थानों में भी सीसीटीवी लगाने का काम तेजी से चल रहा है। पुराने थानों में यह काम लगभग पूरा हो चुका है, जबकि नए बने 176 थानों में कैमरे लगाए जा रहे हैं। अब तक राज्य के 1212 पुलिस थानों में सीसीटीवी लगाए जा चुके हैं।
Also Read : जगन्नाथपुर मंदिर रोड धंसने की जांच रिपोर्ट आई, जल्द शुरू होगा काम


