Johar Live Desk : अगले साल जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 15 खिलाड़ियों वाली टीम का ऐलान किया। टीम की कमान आयुष म्हात्रे को सौंपी गई है, जबकि विहान मल्होत्रा को उपकप्तान बनाया गया है। वैभव सूर्यवंशी भी टीम में शामिल हैं।
BCCI ने बताया कि जूनियर क्रिकेट समिति ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज और अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम का चयन किया है। यह टूर्नामेंट 15 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। इसके बाद सुपर सिक्स, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
भारतीय टीम अपना पहला मैच 15 जनवरी को बुलावायो में अमेरिका के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 17 जनवरी को बांग्लादेश और 24 जनवरी को न्यूजीलैंड से मुकाबला होगा।
टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे घरेलू क्रिकेट में मुंबई का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हैं और टीम ने उन्हें अगले सीजन के लिए रिटेन भी किया है।
अंडर-19 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। इस सीरीज में टीम की कप्तानी वैभव सूर्यवंशी करेंगे। आयुष म्हात्रे और विहान मल्होत्रा कलाई में चोट के कारण इस दौरे में नहीं खेल पाएंगे, लेकिन वे वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रहेंगे।
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम
आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, आरोन जॉर्ज, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आर.एस. अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान ए. पटेल, मोहम्मद एनान, हेनिल पटेल, डी. दीपेश, किशन कुमार सिंह, उधव मोहन।
अंडर-19 वर्ल्ड कप के ग्रुप
ग्रुप A: भारत, बांग्लादेश, अमेरिका, न्यूजीलैंड
ग्रुप B: जिम्बाब्वे, पाकिस्तान, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड
ग्रुप C: ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, जापान, श्रीलंका
ग्रुप D: तंजानिया, वेस्ट इंडीज, अफगानिस्तान, साउथ अफ्रीका
भारत अब छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगा।


