Patna : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने रविवार को सोशल मीडिया पर लगातार दो पोस्ट कर पार्टी नेतृत्व पर निशाना साधा। उनका पहला पोस्ट RJD की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले आया, जबकि दूसरा पोस्ट बैठक समाप्त होने और तेजस्वी यादव को पार्टी का राष्टीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद किया गया।
बैठक के बाद किए गए पोस्ट में रोहिणी आचार्य ने तेजस्वी यादव को व्यंग्यात्मक अंदाज में बधाई दी। उन्होंने लिखा कि “सियासत के शिखर – पुरुष की गौरवशाली पारी का एक तरह से पटाक्षेप , ठकुरसुहाती करने वालों और ” गिरोह – ए – घुसपैठ ” को उनके हाथों की “कठपुतली बने शहजादा” की ताजपोशी मुबारक ..”
सियासत के शिखर – पुरुष की गौरवशाली पारी का एक तरह से पटाक्षेप , ठकुरसुहाती करने वालों और ” गिरोह – ए – घुसपैठ ” को उनके हाथों की “कठपुतली बने शहजादा” की ताजपोशी मुबारक ..
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) January 25, 2026
इससे पहले, बैठक से पहले किए गए पोस्ट में रोहिणी आचार्य ने बेहद कड़े शब्दों में पार्टी की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो सच्चे अर्थों में लालू प्रसाद यादव की विचारधारा को मानता है और जिन्होंने वंचितों व गरीबों के हक के लिए संघर्ष किया है, वे जरूर पार्टी की बदहाली के लिए जिम्मेदार लोगों से सवाल करेंगे।
जो सही मायनों में लालूवादी होगा, जिस किसी ने भी लालू जी के द्वारा, हाशिए पर खड़ी आबादी – वंचितों के हितों के लिए मजबूती से लड़ने वाली, खड़ी की गयी पार्टी के लिए निःस्वार्थ भाव से संघर्ष किया होगा, जिस किसी को भी लालू जी के द्वारा सामाजिक – आर्थिक न्याय के लिए किए गए सतत संघर्ष…
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) January 25, 2026
रोहिणी आचार्य ने आरोप लगाया कि आज पार्टी की असली कमान ऐसे लोगों के हाथ में चली गई है, जिन्हें पार्टी और लालूवादी विचारधारा को कमजोर करने के इरादे से आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि ये लोग अपने मकसद में काफी हद तक सफल भी होते दिख रहे हैं।
उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर सवालों से बचने और जवाब देने के बजाय भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि जो लोग पार्टी और लालूवादी विचारधारा की बात करते हैं, उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। रोहिणी ने यह भी कहा कि यदि नेतृत्व चुप रहता है, तो इससे साजिश करने वाले लोगों से उसकी मिलीभगत अपने आप साबित हो जाती है।
Also Read : तेजस्वी यादव बने राजद के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

