Bokaro : बोकारो जिले के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र स्थित सिटी सेंटर के तनिष्क शोरूम में रविवार शाम डकैती की एक बड़ी कोशिश नाकाम हो गई। पुलिस की वर्दी पहनकर आए सात डकैत शोरूम में घुसे थे, लेकिन कर्मचारियों की सतर्कता और समय पर एलार्म बजने से वे बिना लूटपाट किए ही फरार हो गए। घटना शाम करीब चार बजे की है। शोरूम मैनेजर अनिल कुमार के अनुसार, सबसे पहले पांच युवक शोरूम में दाखिल हुए, जिनमें दो पुलिस की वर्दी में थे। उन्होंने खुद को स्पेशल टास्क फोर्स का कर्मी बताया और कहा कि वे सुरक्षा ऑडिट करने आए हैं। उन्होंने शोरूम में लगे एलार्म सिस्टम, अग्निशमन उपकरण और अन्य सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली और हाल में लूट की घटनाएं बढ़ने की बात कही।
इस दौरान वर्दीधारी युवकों ने कुछ तस्वीरें दिखाईं और कर्मचारियों से पूछा कि क्या इन लोगों को पहले ग्राहक के रूप में देखा गया है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को एक जगह इकट्ठा होने को भी कहा। मैनेजर अनिल कुमार को शक हुआ तो उन्होंने पहचान पत्र दिखाने को कहा और स्थानीय थाना प्रभारी से बात कराने की बात रखी।
इसी बीच गेट पर मास्क लगाए दो अन्य युवक अंदर घुसने लगे। शोरूम में तैनात सशस्त्र गार्ड रघु महतो ने उन्हें रोककर मास्क हटाने को कहा। इस पर कहासुनी शुरू हो गई। तभी एक युवक ने गार्ड को अंदर खींच लिया और गन प्वाइंट पर उसकी बंदूक छीन ली। इसके बाद अंदर मौजूद सभी डकैतों ने पिस्टल निकालकर करीब 30 कर्मचारियों और लगभग दो दर्जन ग्राहकों को डराते हुए गहने और नकदी देने को कहा।
हालात बिगड़ते देख एक कर्मचारी ने हिम्मत दिखाते हुए एलार्म बजा दिया। एलार्म की तेज आवाज सुनते ही डकैत घबरा गए। वे गार्ड की बंदूक लेकर प्रथम तल्ले से नीचे भागे और शोरूम के बाहर खड़ी तीन अपाची बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। जाते समय उन्होंने गार्ड की बंदूक नीचे फेंक दी। घटना की सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी आलोक रंजन समेत सेक्टर-4 थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि सात डकैत तीन अपाची बाइक से आए थे, जिनमें दो पुलिस की वर्दी में थे। वे खुद को सुरक्षा जांच करने वाला बता रहे थे। पहचान पत्र मांगे जाने और एलार्म बजने के बाद वे मौके से भाग निकले। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : रांची में अवैध हथियारों का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त, पांच गिरफ्तार


